US Deports Illegal Indian Migrants: अमेरिका से डिपोर्ट किए गए 112 भारतीयों को लेकर आ रहा अमेरिकी सेना का जहाज़ अमृतसर में लैंड हुआ है। अमेरिका से डिपोर्ट किए गए भारतीयों का यह तीसरा जत्था है। अमेरिका से भेजे गए 112 लोगों में से 31 पंजाब से, 44 हरियाणा से, 33 गुजरात से, 2 उत्तर प्रदेश से और 1-1 हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड से हैं।
बतादें, 112 प्रवासियों का जत्था डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के तहत भारतीय अवैध प्रवासियों को निर्वासित करने का तीसरा बड़ा मामला है। पहले 157 लोगों को भारत भेजे जाने की संभावना थी, लेकिन अंतिम सूची में यह संख्या घटकर 112 रह गई। इससे पहले, बीते दिनों अमेरिका से 116 भारतीय अवैध प्रवासियों को लेकर एक अन्य विमान अमृतसर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा था।
शुरुआत में मिली सूचना के अनुसार इस विमान में 119 अप्रवासियों को भेजा जाना था, लेकिन अंतिम सूची में इनकी संख्या 116 पाई गई। दूसरे जत्थे में आए प्रवासियों में सबसे अधिक 65 व्यक्ति पंजाब से थे, जबकि हरियाणा के 33, गुजरात के 8, उत्तर प्रदेश, गोवा, महाराष्ट्र और राजस्थान से 2-2, तथा हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर से 1-1 व्यक्ति शामिल था। सूत्रों के अनुसार, इन सभी की आयु 18 से 30 वर्ष के बीच थी।
अवैध तरीके से विदेश जाने वाले इन लोगों की बड़ी अजीब दास्तान है। हर किसी की एक दर्द भरी कहानी है। इन सभी के परिवारों को भारी नुकसान झेलना पड़ा है। इनमें से कई परिवारों ने अपने खेत और मवेशी तक गिरवी रख दिए थे ताकि वे अमेरिका जाने का खर्च उठा सकें। लेकिन अब जब उन्हें निर्वासित कर वापस भेज दिया गया है, तो उनके परिवारों को गहरा आर्थिक झटका लगा है। लोग सदमे में आ गए हैं। यह स्थिति उन लोगों के लिए एक बड़ी चेतावनी है जो अवैध तरीकों से विदेश जाकर बेहतर भविष्य की तलाश में हैं।