India Celebrates Holi In Full Swing: आज 14 मार्च 2025 को भारत समेत दुनियां के विभिन्न देशों में होली का त्योहार बड़े धूमधाम से मनाया गया। बता दें, होली के साथ इस बार रमजान के जुम्मा के नमाज का भी दिन है। इसे लेकर देश के विभिन्न स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दिया गया। संभल के डीएम राजेंद्र पेंसिया ने कहा कि आदेशों के अनुसार, सब कुछ ठीक से पालन किया गया और चीजों को प्रबंधित किया गया। पूरे शहर में शांति है। होली और नमाज दोनों ठीक से संपन्न हुए। हर जगह फोर्स मौजूद थी।
संभल में होली खेलने के बाद जामा मस्जिद में नमाज भी शांतिपूर्ण तरीके से अदा की गई। होली और जुमे की नमाज एक ही दिन होने के कारण कानून व्यवस्था बिगड़ने का डर था, लेकिन होली खेलने के बाद नमाज अदा की गई। ऐसे में सब कुछ शांतिपूर्ण तरीके से हुआ। उत्तर प्रदेश के DGP प्रशांत कुमार ने होली एवं जुमे की नमाज के मद्देनजर पुलिस मुख्यालय स्थित कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया तथा प्रदेश की कानून व्यवस्था एवं कार्यकुशलता की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
पंजाब अमृतसर में भारत-पाकिस्तान सीमा पर तैनात बीएसएफ जवान और उनके परिवार के लोगों ने होली का पर्व मनाया। इसी तरह भारत-बांग्लादेश सीमा पर भी होली धूमधाम से मनाई गई। दार्जिलिंग में भारत-बांग्लादेश सीमा पर सीमा चौकियों (बीओपी) पर तैनात बीएसएफ कर्मियों ने होली मनाई।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने होली की बधाई देते हुए लिखा- “रंग, उमंग, उत्साह और तरंग के पावन पर्व होली की आप सभी को शुभकामनाएं! होली का पर्व एकता का संदेशवाहक है, जो हमें प्रेम और सौहार्द के साथ सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा प्रदान करता है। प्रभु श्री राम से कामना है कि यह पर्व आप सभी के जीवन को सुख, समृद्धि व नव उमंग के विविध रंगों से परिपूर्ण करें।”
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ट्वीट किया, “रंगों के त्योहार होली के पावन अवसर पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। हर्षोल्लास का यह त्योहार एकता, प्रेम और सद्भाव का संदेश देता है। यह त्योहार भारत की अनमोल सांस्कृतिक विरासत का भी प्रतीक है। इस पावन अवसर पर आइए हम सब मिलकर मां भारती की सभी संतानों के जीवन में निरंतर प्रगति, समृद्धि और खुशियों के रंग भरने का संकल्प लें।” PM मोदी ने भी दी होली की बधाई। पीएम ने कहा, “आप सभी को होली की ढेरों शुभकामनाएं। हर्ष और उल्लास से भरा यह पावन-पर्व हर किसी के जीवन में नई उमंग और ऊर्जा का संचार करने के साथ ही देशवासियों की एकता के रंग को और प्रगाढ़ करे, यही कामना है।”