Delhi CM Announcement: दिल्ली में विधानसभा चुनाव के नतीजे आए हुए 10 दिन हो गए लेकिन भाजपा ने मुख्यमंत्री पद के चेहरे का ऐलान नहीं किया था। आज चुनाव नतीजों के 12वें दिन भाजपा ने राजधानी में अपने अगले मुख्यमंत्री चेहरे का एलान कर दिया। रेखा गुप्ता दिल्ली की अगली मुख्यमंत्री होंगी। 20 फरवरी को वे दिल्ली के रामलीला मैदान में शपथ लेंगी। यह 26 साल बाद है, जब दिल्ली में भाजपा का कोई नेता मुख्यमंत्री बना है। दावा किया जा रहा है कि रेखा गुप्ता को संघ की मंजूरी मिल चुकी थी और भाजपा ने भी उन्हें सीएम पद के लिए अपनी पसंद भी बना लिया था।
2025 में हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव में रेखा गुप्ता ने दिल्ली की शालीमार बाग विधानसभा सीट से जीत दर्ज की है। वे मौजूदा समय में दिल्ली भाजपा की महासचिव और भाजपा के महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी हैं। 50 वर्षीय रेखा का जन्म हरियाणा के जींद जिले में स्थित नंदगढ़ गांव में 1974 में हुआ था। उनके पिता स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) में अधिकारी पद पर थे। 1976 में रेखा का परिवार दिल्ली आ गया। तब उनकी उम्र महज 2 साल थी। इसके बाद रेखा की प्राथमिक से लेकर उच्च शिक्षा तक दिल्ली में हुई।
रेखा गुप्ता बचपन में पढ़ाई-लिखाई के दौरान ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संगठन (RSS) के स्टूडेंट विंग अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से जुड़ गई थीं। इसके बाद दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ़ाई के दौरान वह दौलत राम कॉलेज में सचिव का चुनाव जीतने में सफल रहीं। 1995-96 में उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ का चुनाव लड़ा और अध्यक्ष बनीं। रेखा ने इसके बाद एलएलबी तक की पढ़ाई पूरी की। पढ़ाई पूरी करने के बाद रेखा गुप्ता 2003-04 में भाजपा युवा मोर्चा की दिल्ली इकाई से जुड़ीं और यहां सचिव पद पर रहीं। इसके बाद 2004 से 2006 तक उन्होंने भारतीय जनता युवा मोर्चा की राष्ट्रीय सचिव के तौर पर जिम्मेदारी निभाई।
रेखा गुप्ता 2007 में उत्तर पीतमपुरा से पार्षद बनीं। 2007 से 2009 तक एमसीडी में महिला कल्याण एवं बाल विकास समिति की 2 साल तक अध्यक्ष रहीं। उसी वर्ष 2009 में दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा की महासचिव रहीं। अगले वर्ष 2010 में भाजपा ने उन्हें राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य की जिम्मेदारी दी। 2012 में एक बार फिर उत्तरी पीतमपुरा वॉर्ड-54 से पार्षद बनीं। 2015 में रेखा गुप्ता आम आदमी पार्टी की वंदना कुमारी से करीब 11 हजार वोटों से हारीं तो वहीं 2020 में 3400 वोट से। लेकिन 2025 के विधानसभा चुनाव में रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी की वंदना कुमारी को 29,595 वोटों से हरा दिया।