ट्रंप ने चुनाव से पहले अमेरिकी जनता को किए वायदों को निभाना किया शुरू, 104 भारतीयों को लेकर अमृतसर में उतरा अमेरिकी सैन्य विमान।

ट्रंप ने चुनाव से पहले अमेरिकी जनता को किए वायदों को निभाना किया शुरू, 104 भारतीयों को लेकर अमृतसर में उतरा अमेरिकी सैन्य विमान।

US Deports Illegal Indian Migrants: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चुनाव से पहले किए वायदों को निभाना शुरू कर दिया है। 20 जनवरी को राष्ट्रपति पद संभालने के बाद ट्रंप ने अवैध प्रवासियों को अमेरिका से निकाले जाने संबंधी कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए थे। इस नीति पर अमल करते हुए अमेरिकी प्रशासन ने C-17 सैन्य विमान से 104 भारतीय लोगों के एक समूह को अमेरिका से वापस भेज दिया है। 104 अवैध भारतीय प्रवासियों को लेकर एक अमेरिकी सैन्य विमान बुधवार (5 फरवरी) दोपहर अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा। मिली जानकारी के अनुसार, यह फ्लाइट दोपहर 1.55 बजे लैंड हुई।

पहले मिली जानकारी के अनुसार, 205 अवैध अप्रवासियों को अमेरिकी सैन्य विमान सी-17 द्वारा भारत पहुंचाना था। लेकिन फिलहाल 104 प्रवासियों को लाए जाने की खबर है। इन निर्वासित किए गए लोगों में से 30 पंजाब से, 33-33 हरियाणा और गुजरात से, 3-3 महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश से और 2 चंडीगढ़ से हैं। हालांकि अभी निर्वासित लोगों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

भारत ही नहीं और भी कई देशों के अवैध प्रवासियों को अमेरिका से निर्वासित किया जा चुका है। C-17 सैन्य विमान से भारत लौटाए जा रहे प्रवासियों के बारे में समाचार एजेंसी पीटीआई पर आई रिपोर्ट के मुताबिक नई दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास के प्रवक्ता ने बताया कि राष्ट्रपति ट्रंप की नीतियों पर अमल करते हुए अमेरिका आव्रजन कानूनों को कड़ा कर रहा है। बता दें कि ट्रंप प्रशासन बीते दो हफ्ते में सैन्य विमानों का उपयोग कर ग्वाटेमाला, पेरू और होंडुरास में कई अवैध प्रवासियों को निर्वासित किया है। अवैध प्रवासियों को वापस भेजने के लिए सैन्य विमान भेजने वाले गंतव्यों में भारत अब तक का सबसे दूरस्थ स्थान है।

27 जनवरी को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी के बीच फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद ट्रंप ने कहा था कि भारत अमेरिका से अवैध प्रवासियों के निर्वासन के मामले में ‘वही करेगा जो सही होगा’। पिछले महीने विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा था कि भारत अवैध आव्रजन का विरोध करता है, क्योंकि इसका संबंध कई तरह के संगठित अपराध से है। वहीं दूसरी ओर, कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य राजीव शुक्ला ने X पर एक पोस्ट में लिखा, ‘विदेश मामलों की संसदीय समिति की बैठक के दौरान उन्हें पता चला कि अमेरिका 7.25 लाख भारतीयों को अवैध बताकर वापस भेज रहा है।’ उन्होंने सवाल किया कि भारत आने के बाद वे क्या करेंगे?