Tech Layoffs 2025

Tech Layoffs 2025

कोरोना काल के बाद से छंटनी का सिलसिला जारी, माइक्रोसॉफ्ट के बाद मेटा ने भी लिया छंटनी का फैसला, 3600 कर्मचारियों पर गिरेगी गाज। मार्क जुकरबर्ग की कंपनी मेटा अपने कर्मचारियों की छंटनी करने जा रही है। मेटा में छंटनी (Meta Layoff) की इस प्रक्रिया में कुल कर्मचारियों की संख्या में से लगभग 5% की कटौती की जा सकती है। इसके बारे में कंपनी ने अपने इंटरनल मेमो में जानकारी दी।

इंस्टाग्राम, फेसबुक और व्हाट्सएप की पैरेंट कंपनी मेटा की कमजोर प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को नौकरी से निकालने की योजना है। जिसके लिए कंपनी के मैनेजमेंट ने लगभग 3600 कर्मचारियों की पहचान कर ली है। मेटा की छंटनी में कर्मचारियों का प्रदर्शन ही मुख्य आधार है। कंपनी परफोर्मेंस मैनेजमेंट को बढ़ाने पर काम कर रही है। जिन कर्मचारियों को नौकरी से निकाला जा रहा है उनकी जगह नए कर्मचारियों की नियुक्ति की जाएगी।

कंपनी के CEO मार्क जुकरबर्ग (Mark Zuckerberg) ने इस छंटनी के फैसले के बारे में कहा कि इससे नए लोग कंपनी के साथ जुड़ेंगे। नया टैलेंट मिलेगा। कमजोर प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ ऐसे ही कार्रवाई की जाएगी। वित्त वर्ष 2022-23 में कंपनी ने अपने कर्मचारियों की संख्या के लगभग एक चौथाई लोगों को नौकरी से निकाल दिया था। जिनकी संख्या 21 हजार थी। उसके बाद से अब कंपनी बड़ी संख्या में छंटनी करने जा रही है। मार्क के इस फैसले के बाद से कंपनी के कर्मचारियों के बीच खलबली मच गई है।

प्रदर्शन के आधार पर कर्मचारियों की सूची तैयार कर ली गई है। सूत्रों के अनुसार, जिन लोगों को नौकरी से निकाला जा रहा है उन्हें 10 फरवरी तक सूचित कर दिया जाएगा। कर्मचारियों को पहले से तय नियमों के अनुसार भत्ता भी दिया जाएगा। माइक्रोसॉफ्ट ने भी पिछले सप्ताह ही लगभग 1% कर्मचारियों की छंटनी का ऐलान किया था। वह भी परफॉर्मेंस के आधार पर ही थी।