Republic Day 2025: इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो (Prabowo Subianto) अपनी पहली भारत यात्रा पर बृहस्पतिवार रात नई दिल्ली पहुंचे। IGI हवाई अड्डे पर विदेश राज्य मंत्री पावित्रा मार्गेरिटा ने उनका स्वागत किया। सुबियांतो 76वें गणतंत्र दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए आए हैं।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने X पर पोस्ट कर कहा, “इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो का भारत की अपनी पहली राजकीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचने पर हार्दिक स्वागत है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा भारत-इंडोनेशिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करेगी।” इंडोनेशिया के राष्ट्रपति सुबियांतो की भारत यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए समझौतों की उम्मीद है। वह गणतंत्र दिवस समारोह में भाग लेने वाले चौथे इंडोनेशियाई राष्ट्रपति होंगे। बतादें, इंडोनेशिया के पहले राष्ट्रपति सुकर्णो 1950 में भारत के पहले गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि थे।
मिली जानकारी के अनुसार, इंडोनेशिया का 352 सदस्यीय मार्चिंग और बैंड दल कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेगा। यह पहली बार होगा जब इंडोनेशिया का दल विदेश में राष्ट्रीय दिवस परेड में शामिल होगा। रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि इंडोनेशिया से 162 सदस्यों वाला मार्चिंग दस्ता और 190 सदस्यों वाला बैंड दल भी गणतंत्र दिवस परेड का हिस्सा होंगे। यह पहली बार है, जब इंडोनेशियाई दल किसी दूसरे देश के राष्ट्रीय परेड में भाग ले रहा है। यह दोनों देशों के बीच मजबूत सैन्य और सांस्कृतिक सहयोग का प्रतीक है।