World Record In Mahakumbh 2025: मधुबनी जिले के विश्व प्रसिद्ध योगाचार्य रवि व्योम शंकर झा ने प्रयागराज महाकुंभ 2025 में मौनी अमावस्या के अवसर पर एक ऐतिहासिक विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया। उन्होंने मात्र 1 घंटे 51 मिनट में 1008 डुबकी लगाकर अद्वितीय साधना और आस्था का परिचय दिया। उनकी इस विशिष्ट उपलब्धि ने न केवल आध्यात्मिक जगत में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया, बल्कि भारतीय योग और सनातन परंपरा की महिमा को वैश्विक स्तर पर उजागर किया।
योगाचार्य रवि व्योम शंकर झा इससे पहले भी कई और विश्व रिकॉर्ड बना चुके हैं। जिनमें से सबसे मुख्य है, दुबई के ‘इंडिया क्लब’ में 24 घंटे जल में रहकर योग करने का रिकॉर्ड बनाना। इस विश्व रिकॉर्ड को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया। उनकी जल साधना और योग की यह अनोखी उपलब्धि उन्हें विश्व स्तर पर विशिष्ट पहचान दिलाती है। प्रयागराज महाकुंभ के दौरान मौनी अमावस्या के स्नान का विशेष महत्व होता है। इस पावन दिन पर लाखों श्रद्धालु गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के पवित्र संगम में आस्था की डुबकी लगाते हैं। इसी पावन दिन के अवसर पर रवि व्योम ने आस्था की 1008 डुबकी लगाईं।
महाकुंभ में अंतर्राष्ट्रीय योग गुरु रवि व्योम शंकर झा (International Yog Guru Ravi Vyom Shankar Jha) की इस अद्भुत उपलब्धि को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और योग प्रेमी जुटे थे। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर संत समाज, योग गुरुओं और श्रद्धालुओं ने रवि झा की बहुत प्रशंसा की। योगाचार्य रवि झा ने कहा, “उनका यह प्रयास भारतीय योग और सनातन परंपरा की महिमा को विश्व स्तर पर प्रदर्शित करने का माध्यम है। उनका मुख्य उद्देश्य लोगों को योग और ध्यान की शक्ति से परिचित कराना तथा आध्यात्मिक जीवन को बढ़ावा देना है।”