Women Cricket – IND W vs SA W: स्मृति मंधाना का लगातार दूसरा शतक

Women Cricket – IND W vs SA W: स्मृति मंधाना का लगातार दूसरा शतक, रोमांचक मुकाबले में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 4 रनों से हराया। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में 3 मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला गया। इस मैच में भी स्मृति मंधाना ने शतक जड़ दिया। इससे पहले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पिछले वनडे में भी उन्होंने शतक लगाते हुए 117 रन की पारी खेली थी। अब लगातार दूसरा शतक जड़कर उन्होंने इतिहास रच दिया है। मंधाना ने 120 गेंद में 18 चौके और 2 छक्कों की मदद से 136 रन की पारी खेली।

उपकप्तान के अलावा कप्तान हरनप्रीत कौर ने भी क्रिकेट प्रेमियों का मनोरंजन किया। उन्होंने भी शानदार क्रिकेट खेलते हुए शतक लगाया। वह 88 गेंद में 9 चौके और 3 छक्के की मदद से 103 रन बनाकर नाबाद रहीं। इन 2 शतक की बदौलत भारत ने 50 ओवर में 3 विकेट गंवाकर 325 रन बनाए। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 50 ओवर में 6 विकेट पर 321 रन बना सकी। भारत ने 4 रन से मुकाबला जीत कर 3 मैचों की वनडे सीरीज को हथिया लिया है।

326 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत अच्छी नहीं रही। दक्षिण अफ्रीका ने 3 विकेट बहुत जल्द ही खो दिए। ताजमिन ब्रिट्स 5 रन, एनेक बोश 18 रन और सुने लूस 12 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। इसके बाद कप्तान एल वोल्वार्ड्ट और मारिजाने कैप ने शतक जड़े। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 184 रन जोड़े। कैप 94 गेंद में 11 चौके और 3 छक्कों की मदद से 114 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। वहीं, नडिन डी क्लर्क 28 रन बनाए और नोनदुमिसो तो खाता तक नहीं खोल पाईं। वोल्वार्ड्ट 135 गेंद में 135 रन बनाकर नाबाद रहीं। उन्होंने अपनी पारी में 12 चौके और 3 छक्के लगाए। भारत की ओर से पूजा वस्त्राकर और दीप्ति शर्मा को 2-2 विकेट मिले। वहीं, अरुंधति रेड्डी और मंधाना को 1-1 विकेट मिला।

मंधाना वनडे में लगातार दो शतक लगाने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी और विश्व की 10वीं महिला खिलाड़ी बनी गईं। इन 10 खिलाड़ियों ने मिलकर 11 बार ऐसा किया है। मंधाना से पहले एमी सैथटरवेट, जिल केन्नारे, डेबोरा हॉकी, केएल रॉन्टन, मेग लैनिंग, टैमी ब्यूमोंट, एलिसा हीली, नेट शीवर ब्रंट और एल वोल्वार्ड्ट ऐसा कर चुकी हैं।

मंधाना का यह वनडे करियर का 7वां शतक रहा। उन्होंने भारतीय दिग्गज मिताली राज के वनडे में 7 शतक के रिकॉर्ड की बराबरी की। वह अब मिताली के साथ वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाली भारतीय खिलाड़ी के मामले में शीर्ष पर हैं। यह भी गौर करने वाली बात है कि मंधाना ने ये 7 शतक केवल 84 वनडे पारियों में लगाए हैं। जबकि मिताली को इसके लिए 211 वनडे पारियां खेलनी पड़ीं। मंधाना के सातों शतक सलामी बल्लेबाज बतौर आए हैं। इससे पहले भारत की किसी भी ओपनर ने 2 से ज्यादा शतक नहीं लगाए थे। मंधाना की 136 रन की पारी वनडे में किसी भी भारतीय महिला खिलाड़ी द्वारा भारतीय सरजमीं पर उच्चतम स्कोर है।