Health Tips – स्वास्थ्य सुझाव: स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है।

Health Tips – स्वास्थ्य सुझाव: स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है। या यूं कहें अगर तन स्वस्थ होगा तो ही मन मस्त होगा। सब कुछ मन पर निर्भर है। मन जितना अच्छा होगा उतना अच्छे से हम अपना काम भी कर सकते हैं। तो अंततः सब कुछ स्वस्थ शरीर पर निर्भर हुआ। शरीर स्वस्थ रहेगा कैसे? आपकी अच्छी डाइट और दिनचर्या से। आइए कुछ बिंदुओं के माध्यम से बताते हैं कि अपने आप को कैसे स्वस्थ रखा जा सकता है।

1. सुबह खाली पेट गुनगुने पानी के सेवन की आदत बनाएं। इच्छानुसार 2 से 3 गिलास पानी पी सकते हैं। भरपेट पानी पीने से एक तो डिहाइड्रेशन का खतरा कम होगा और शरीर से विषाक्त पदार्थ बाहर हो जायेंगे।

2. सुबह की दिनचर्या के बाद कम से कम 30 मिनट योग-व्यायाम के लिए समय जरूर निकालें। योग आपको शारीरिक-मानसिक दोनों तरह से फिट रखने में सहायक रहेगा।

3. व्यायाम के बाद आहार में सुबह का नाश्ता सबसे महत्वपूर्ण है। भरपेट नाश्ता करें, जिसमें फल-कच्ची सब्जियां, अंडे, दूध, नट्स-सीड्स की मात्रा जरूर हो। रात में करीब 8-10 घंटे खाली पेट के बाद शरीर को सुबह स्वस्थ और भरपेट आहार की आवश्यकता होती है।

4. लंच से आधा घंटे पहले फल खा सकते हैं। फल एपिटाइजर का काम करते हैं जो हमारी जठराग्नि को और उदीप्त कर देते हैं जिससे खाना आसानी से पच जाता है।

5. दोपहर का भोजन बहुत भारी करने से बचें। अगर घर पर हैं तो भारी भोजन निद्रा देगा जिससे वजन बढ़ने की संभावना रहती है। और अगर ऑफिस जाते हैं तो भारी भोजन खा कर आप काम नहीं कर पायेंगे। इसलिए दोपहर का भोजन बहुत भारी करने से बचना चाहिए। इसमें हरी सब्जियों, साग, दही को शामिल करें। थाली में रंग-बिरंगी सब्जियां हो, कच्ची सब्जियों का सलाद आपको पौष्टिकता देता है। भोजन के तुरंत बाद बैठने की बजाय कुछ समय टहलें फिर बैठें।

6. ज्यादा समय तक बैठना कई बीमारियों को बढ़ाने वाला हो सकता है। अगर आप ऑफिस में काम करते हैं और लंबे समय तक बैठना होता है तो हर आधे घंटे पर कुर्सी से उठें तो शरीर को स्ट्रेच करके आसपास जरूर टहलें। शारीरिक रूप से निष्क्रियता बढ़ने से ब्लड प्रेशर, शुगर जैसी समस्याओं का खतरा हो सकता है।

7. इसके अलावा हर आधे घंटे पर थोड़ी मात्रा में पानी जरूर पीने का लक्ष्य बनाएं। शरीर को हाइड्रेट रखना हर मौसम में जरूरी है। दिन में कम से कम 3-4 लीटर पानी पीने का लक्ष्य रखें। पानी की मात्रा आपके वजन पर भी निर्भर करती है।

8. डिनर जितना जल्दी करेंगे उतना ही लाभकारी होगा। शाम को 6-7 बजे के बीच का समय सबसे उपयुक्त माना जाता है। डिनर हमेशा बहुत हल्का होना चाहिए। इसमें पौष्टिक चीजों, हरी सब्जियों को शामिल करें। रात में फल न खाएं। डिनर के बाद कम से कम 10-15 मिनट की वॉक करें। रात में 10 बजे तक सोने के लिए जरूर चले जाएं।

9. सोने से पहले गर्म दूध में एक चुटकी हल्दी मिलाकर इसका सेवन करना आपकी इम्युनिटी बढ़ाने और कई रोगों से बचाने में सहायक है। अगर दूध के साथ 3-4 खजूर लेते हैं तो वो आपको उठते समय ऊर्जावान महसूस करायेगा।

विशेषज्ञों द्वारा बतायी इस दिनचर्या का अगर रोजाना पालन किया जाए तो आप अपनी सेहत में बेहतर सुधार पा सकते हैं।