RCB vs MI – IPL 2025 (20 of 74): आज आईपीएल 2025 का 20वां मैच मुंबई इंडियंस (MI) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया। मुंबई ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। टॉस हारकर बल्लेबाजी करते हुए बंगलौर ने 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर 221 रन बनाए। जवाब में मुंबई इंडियंस 20 ओवरों 209 रन ही बना सकी। रजत पाटीदार को शानदार बल्लेबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड से नवाजा गया।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी की शुरुआत खराब हुई। ट्रेंट बोल्ट ने पहले ही ओवर में फिल सॉल्ट को बोल्ड किया। वह सिर्फ 4 रन बना सके। इसके बाद विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल ने मोर्चा संभाला। दोनों के बीच 52 गेंदों में 91 रनों की विशाल साझेदारी हुई। विग्नेश पुथुर ने पडिक्कल को विल जैक्स के हाथों कैच कराया। उन्होंने 2 चौके और 3 छक्के की मदद से 37 रन बनाए। इसके बाद कोहली को रजत पाटीदार का साथ मिला और दोनों ने 48 रन की पार्टनरशिप की।
कोहली की पारी का अंत हार्दिक पांड्या ने किया। हार्दिक ने 15वें ओवर में कोहली को नमन धीर के हाथों कैच कराया। कोहली ने 8 चौके और 2 छक्के की मदद से 67 रनों की पारी खेली। कोहली ने अपना अर्धशतक 29 गेंदों में पूरा किया। यह उनके आईपीएल करियर का 57वां अर्धशतक है। वहीं, कप्तान पाटीदार का बल्ला भी जमकर बोला। उन्होंने 5 चौके और 4 छक्कों की मदद से 64 रन बनाए। लियाम लिविंगस्टोन बिना खाता खोले चलते बने। जितेश शर्मा 40 और टिम डेविड 1 रन बनाकर नाबाद रहे। मुंबई के लिए ट्रेंट बोल्ट और हार्दिक पांड्या ने 2-2 विकेट लिए जबकि विग्नेश पुथुर को 1 सफलता मिली।
222 रनों के मुश्किल से लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई की शुरुआत भी बहुत खास नहीं रही। मुंबई का पहला विकेट रोहित शर्मा के रूप में गिरा। उन्हें यश दयाल ने 17 रन पर बोल्ड आउट किया। 38 के स्कोर पर मुंबई को दूसरा झटका लगा। रेयान रिकेल्टन 17 रन बनाकर एलबीडब्ल्यू आउट हुए। क्रुणाल पांड्या ने विल जैक्स को अपना शिकार बनाया। वह 22 रन बनाकर आउट हुए।
यश दयाल ने एक बार फिर मुंबई को बड़ा झटका दिया। उन्होंने सूर्यकुमार यादव को लियाम लिविंगस्टोन के हाथों कैच कराया। वह 26 गेंदों में 28 रन बना सके। हार्दिक पांड्या ने सरपट 15 गेंदों में 42 रन ठोंके। तिलक वर्मा ने हार्दिक का बहुत अच्छा साथ दिया और 56 रन बनाकर आउट हुए। दोनों की 89 रन की साझेदारी भी मुंबई की हार को नहीं टाल सकी। बंगलौर की ओर से सर्वाधिक 4 विकेट कृणाल पांड्या ने लिए। इसके अलावा यश दयाल और हेजलवुड ने 2-2 एवं भुवनेश्वर कुमार ने 1 विकेट चटकाया।