मौसम – उत्तर भारत: लू के थपेड़े अब और नहीं सहने, मौसम विभाग ने दी खुशखबरी, राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत में जल्द ही मानसून देगा दस्तक।

मौसम – उत्तर भारत: लू के थपेड़े अब और नहीं सहने, मौसम विभाग ने दी खुशखबरी, राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत में जल्द ही मानसून देगा दस्तक। प्री-मानसून का दौर दिल्ली में अब दिखने लगा है। लोगों को अब झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिली है। वहीं मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को भी दिल्ली में बादल छाए रहने तथा दिनभर तेज हवा के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। IMD ने दिल्ली के अलावा 11 अन्य राज्यों में भी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

बतादें, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बीते शुक्रवार से लगातार बारिश हो रही है जिससे लोगों को लू और झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिली है। वहीं इस बारिश के बाद उमस से लोगों को परेशानी हुई लेकिन आसमान में काले बादल और ठंडी हवा के कारण लोगों को हल्की राहत मिली। अब दिल्ली वासियों के लिए मौसम विभाग ने खुशखबरी दी है। IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक इस पूरे सप्ताह दिल्ली में हल्की वर्षा होने का दौर चलता रहेगा।

IMD ने आज 25 जून को गुजरात, कर्नाटक, केरल, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, तमिलनाडु, पुडुचेरी, महाराष्ट्र, गोवा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले 3 दिनों में उत्तरी अरब सागर तथा गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की ओर आगे बढ़ेगा।

राजधानी दिल्ली को लेकर मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि मंगलवार को दिनभर बादल छाए रहेंगे। 25 से 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगीं। साथ ही हवा के साथ गर्जन वाले बादल बनने और हल्की वर्षा होने के भी आसार हैं। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 40 और 31 डिग्री रह सकता है। मौसम विभाग ने यलो अलर्ट भी जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, इस पूरे सप्ताह की हल्की वर्षा होने का दौर चलता रहेगा। इसके चलते बुधवार के बाद से तापमान में भी तेजी से गिरावट देखी जा सकती है। मौसम विभाग ने बुधवार से 3 दिन के लिए ग्रीन अलर्ट जबकि शनिवार रविवार के लिए यलो अलर्ट जारी कर रखा है। इन दोनों के दौरान दिल्ली में तेज वर्षा होने के आसार हैं। इसी दौरान या इससे एक- दो दिन पहले दिल्ली में मानसून की दस्तक हो जाएगी।

बिहार की राजधानी पटना में दिनभर तीखी धूप एवं उमस के बाद रात में हुई हल्की वर्षा ने राजाधनी वासियों को बड़ी राहत दी। अगले दो दिनों में प्रदेश के विभिन्न भागों में अच्छी वर्षा के आसार बन रहे हैं। हालांकि, प्रदेश के कुछ भागों में भीषण गर्मी का कहर अब भी जारी है। खासकर, शेखपुरा, वैशाली एवं मुंगेर में भीषण उष्ण लहर का कहर जारी रहा। वहीं, गोपालगंज, बक्सर, भोजपुर, औरंगाबाद एवं अरवल में उष्ण लहर रहा। राजधानी के अलावा फारबिसगंज, किशनगंज, वीरपुर, राजापाकर और अररिया में वर्षा हुई। अगले 2 से 3 दिनों में प्रदेश के विभिन्न इलाके में वर्षा रिकॉर्ड की गई।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हल्की से मध्यम बारिश का दौर शुरू होगा, जो अगले सप्ताह भर जारी रहेगा। पूर्वी यूपी के 16 जिलों में तेज बारिश के साथ वज्रपात और आंधी का अलर्ट है। इस दौरान ज्यादातर जिलों के अधिकतम तापमान में 4 और न्यूनतम में 2-3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, आने वाले दिनों में भी बारिश की तीव्रता बढ़ेगी। इसका असर राजधानी समेत पूर्वांचल के कई जिलों में मंगलवार से बुधवार तक देखने को मिलेगा। उन्होंने बताया कि 27 से 28 जून को पश्चिमी यूपी में बादल बरस सकते हैं। इसके आसार बन रहे हैं। इस सप्ताह में 45 से अधिक जिलों में अच्छी बारिश के पूर्वानुमान हैं।