ज्योतिष – शुक्र उदय 2024: 2 माह बाद शुक्र होंगे आज उदय, अब तक रुके सभी मांगलिक कार्य होंगे शुरू, कुछ राशियों की होगी बल्ले बल्ले।

ज्योतिष – शुक्र उदय 2024: 2 माह बाद शुक्र होंगे आज उदय, अब तक रुके सभी मांगलिक कार्य होंगे शुरू, कुछ राशियों की होगी बल्ले बल्ले। 2 महीने के लंबे अंतराल के बाद धन, वैभव, प्रेम, सौंदर्य और सुख-समृद्धि के कारक शुक्र ग्रह का उदय 28 जून को होगा। मिथुन राशि में शुक्र उदय होने के 8 दिन के बाद मांगलिक कार्यों पर लगी रोक हट जायेगी और शहनाई गूंजेगी। हालाँकि, 17 जुलाई को चातुर्मास शुरू होने की वजह से अभी केवल 6 दिन का ही शुभ मुहूर्त होगा।

बतादें, 28 अप्रैल को शुक्र के अस्त होने के कारण मांगलिक कार्यों पर विराम लग गया था। अब लगभग 2 महीने के बाद 28 जून को शुक्र का मिथुन राशि में उदय हो रहा है। विवाह और अन्य मांगलिक कार्यों के लिए शुक्र और गुरु का उदय होना जरूरी होता है। आषाढ़ मास के कृष्ण पक्ष की सप्तमी पर बुध की राशि मिथुन में शुक्र ग्रह का पश्चिम दिशा में उदय हो रहा है। हालांकि शुक्र उदय होने के 8 दिन के बाद विवाह के लिए शुभ मुहुर्त मिल रहा है। ऐसे में 7 जुलाई से विवाह व मांगलिक कार्य आरंभ हो जाएंगे।

दैत्यों के गुरु शुक्राचार्य को भौतिक सुखों, समृद्धि और वैभव का कारक ग्रह माना जाता है। शुक्र के अस्त होने पर कई मांगलिक कार्यों को करने की मनाही होती है। बतादें, किसी भी ग्रह का अस्त होने का मतलब उस ग्रह का सूर्य के अधिक निकट जाने से है। शुक्र अस्त होने के दौरान विवाह करना अच्छा नहीं माना जाता क्योंकि शुक्र वैवाहिक सुख के कारक ग्रह हैं। अब लगभग 2 महीनों के बाद शुक्र देव मिथुन राशि में उदय होने जा रहे हैं। शुक्र के उदय होने से मांगलिक कार्य तो शुरू होंगे ही, साथ ही शुक्र के उदय होने से राशिचक्र की कुछ राशियों को लव रोमांस और आर्थिक मोर्चे पर सुखद परिणाम मिल सकते हैं। वृष, सिंह, तुला एवं कुंभ के लिए उत्तम, मिथुन, कर्क, कन्या, धनु, मीन के लिए मध्यम और मेष, मकर एवं वृश्चिक को सामान्य फल देंगे।