लखनऊ के सरकारी लोकबंधु अस्पताल में भीषण आग, मरीजों को दूसरे अस्पतालों में किया गया शिफ्ट, डिप्टी सीएम समेत सभी आला अधिकारी मौके पर।

लखनऊ के सरकारी लोकबंधु अस्पताल में भीषण आग, मरीजों को दूसरे अस्पतालों में किया गया शिफ्ट, डिप्टी सीएम समेत सभी आला अधिकारी मौके पर।

Fire At Lucknow’s Lokbandhu Hosiptal: आज लखनऊ के लोकबंधु राजनारायण अस्पताल में 10 बजे के करीब भीषण आग लग गई, जिससे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आग अस्पताल की दूसरे तल पर लगी, जिससे पूरा परिसर धुएं से भर गया। मरीजों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास जारी हैं। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक लोकबंधु ने अस्पताल पहुंच कर स्थिति को नियंत्रण में किया है। उनके साथ सभी आला अधिकारी भी मौजूद हैं।

लोकबंधु अस्पताल के दूसरे तल पर अचानक आग लग गई। यहां बच्चों का NICU भी है। यहीं पर महिलाओं की भी यूनिट है। इस फ्लोर पर 50-55 मरीज भर्ती थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण एयर कंडीशनर में शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच चुकी हैं और आग बुझाने का कार्य जारी है। धुएं के कारण मरीजों को सांस लेने में कठिनाई हो रही है, जिससे स्थिति और भी गंभीर हो गई है।

लोकबंधु अस्पताल में लगी आग की घटना का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया। उन्होंने फोन पर अधिकारियों से घटना की पूरी जानकारी ली। डिप्टी सीएम समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। DCP साउथ निपुण अग्रवाल और पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र सिंह सिंगर भी मौके पर मौजूद हैं। मंडलायुक्त रोशन जैकब, मेयर सुषमा खर्कवाल और नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह भी अस्पताल पहुंचे।

लोकबंधु अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ अजय शंकर त्रिपाठी का कहना है कि आग रात करीब 10 बजे लगी। अभी तक की छानबीन में आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। स्थिति नियंत्रण में है।अस्पताल प्रशासन और स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया। कई मरीजों को स्ट्रेचर और व्हीलचेयर की मदद से बाहर लाया गया। धुएं के कारण कुछ मरीजों को ऑक्सीजन की आवश्यकता पड़ी, जिनका इलाज अस्पताल परिसर में ही किया जा रहा है।