मौसम फिर लेगा करवट; हिमाचल में भारी बर्फबारी, 2 राष्ट्रीय राजमार्ग और अटल टनल समेत 232 सड़कें बंद, 480 गांवों में विद्युत आपूर्ति ठप।

मौसम फिर लेगा करवट; हिमाचल में भारी बर्फबारी, 2 राष्ट्रीय राजमार्ग और अटल टनल समेत 232 सड़कें बंद, 480 गांवों में विद्युत आपूर्ति ठप।

Weather Update: हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में गुरुवार रात और शुक्रवार सुबह तक भरी बर्फबारी हुई। शुक्रवार को सूरज चढ़ते अधिकतर जिलों में मौसम साफ रहा। राजधानी शिमला में बादल छाए रहे और दोपहर को बूंदाबांदी हुई। जनजातीय क्षेत्र लाहौल के साथ जिला कुल्लू के पहाड़ी इलाकों में गुरुवार रात को जमकर बर्फबारी हुई। प्रदेश में शुक्रवार शाम तक 232 सड़कों पर आवाजाही बंद रही। लाहौल घाटी के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बंद हो गई है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, लाहौल-स्पीति में बिजली के 245 ट्रांसफार्मर और 165 संपर्क सड़कें बंद हैं।

भारी बर्फबारी के कारण अटल टनल (Atal Tunnel) रोहतांग सभी तरह के वाहनों के लिए बंद हो गई। हालांकि, शाम को इसे फोर बाई फोर वाहनों के लिए बहाल कर दिया गया। कुल्लू में 2 राष्ट्रीय राजमार्ग समेत 19 सड़कें और 4 बिजली के ट्रांसफार्मर बंद हैं। जलोड़ी जोत मार्ग ठप होने से आनी-कुल्लू एनएच बंद है। चंबा जिला के 480 गांवों में विद्युत आपूर्ति ठप होने की वजह से अभी भी अंधेरा पसरा हुआ है। 48 सड़कों पर यातायात व्यवस्था के ठप होने से स्थानीय लोग मजबूरन पैदल चलकर अपनी मंजिलों तक पहुंच रहे हैं।

हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के साथ साथ घने कोहरे की भी खबर मिलीं हैं। कांगड़ा, मंडी व कल्पा में जमकर शीतलहर चली है। जबकि निचले पहाड़ी-मैदानी और मध्य पहाड़ी क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर कोहरा भी छाया रहा। माैसम विभाग के अनुसार, 24 फरवरी की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा। इसके प्रभाव से राज्य के अधिकांश स्थानों पर बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। 24 फरवरी तक राज्य के सभी भागों में माैसम साफ बना रहेगा।

मौसम विभाग के अनुसार, 26 व 27 फरवरी को राज्य में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी होने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना है। शुक्रवार को शिमला में अधिकतम तापमान 14.4, मनाली में 9, ऊना में 24.4, सोलन में 20.8, धर्मशाला में 18.8, कल्पा में 6.8, बिलासपुर में 23.2, कांगड़ा में 22.8, मंडी में 21.4, नाहन में 21.0 और डलहौजी में 9.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।