Delhi CM Oath Ceremony: दिल्ली में 27 सालों के बाद भाजपा ने धमाकेदार वापसी की है। उसी के मद्देनजर आज (20 फरवरी) को नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह हुआ। दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद दिन बाद नए मुख्यमंत्री का इंतजार खत्म हो गया है। रेखा गुप्ता ने गुरुवार को दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में दिल्ली की सीएम के रूप में शपथ ले ली। शपथ ग्रहण के दौरान रेखा गुप्ता भगवा साड़ी में नजर आईं। शालीमार बाग से विधायक रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला सीएम बन गई हैं। उनसे पहले आतिशी, शीला दीक्षित और सुषमा स्वराज दिल्ली की महिला सीएम रही चुकी हैं। रेखा गुप्ता ने 3 बार की आम आदमी पार्टी विधायक रहीं बंदना कुमारी को बड़े अंतर से हराया है।
एलजी विनय कुमार सक्सेना ने रेखा गुप्ता के बाद मंत्रिमंडल के अन्य सदस्यों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। साहिब सिंह वर्मा के पुत्र प्रवेश वर्मा ने दिल्ली के मंत्री पद की शपथ ली। फिर आशीष सूद, मनजिंजदर सिंह सिरसा, रविंदर सिंह इंद्राज ने भी मंत्री पद की शपथ ली। इसके बाद कपिल मिश्रा और पंकज सिंह ने शपथ ली। आज सुबह ही राजपत्र जारी कर इन सभी के नाम का ऐलान किया गया था। शपथ ग्रहण के बाद सभी के मंत्रालयों का फैसला किया जाएगा। नामों के एलान के बाद ये बात साफ है कि भाजपा ने सभी जातियों और समुदायों को साधने की कोशिश की है। इसमें जाट, पंजाबी और पूर्वांचल सभी का ख्याल रखा गया है।
शपथ ग्रहण के कार्यक्रम में पीएम नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय कैबिनेट सदस्य, बीजेपी शासित राज्यों के सीएम और डिप्टी सीएम, सांसद और एनडीए के घटक दलों के नेता मौजूद हुए। वहीं, अन्य गणमान्य हस्तियों समेत कार्यक्रम में 50 हजार नेता, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। बतादें, रेखा गुप्ता के नाम का ऐलान बीजेपी के विधायक दल की बैठक में बुधवार रात को तय किया गया। रेखा गुप्ता ने एबीवीपी के जरिए छात्र राजनीति में एंट्री ली थी। वह दिल्ली की दो बार पार्षद और मेयर भी रह चुकी हैं। वह आरएसएस की कट्टर समर्थक बताई जातीं हैं। रेखा गुप्ता बीजेपी की मुखर नेताओं में गिनी जाती हैं जो कि समसमायिक मुद्दों पर बेबाकी से अपनी राय रखती आईं हैं।