IND W vs SA W U-19 World Cup Final: भारत और दक्षिण अफ्रीका की महिला टीमों के बीच अंडर-19 टी20 विश्व कप का फाइनल मुकाबला बायू मास ओवल, कुआलालंपुर (Bayuemas Oval Kuala Lumpur) में खेला गया। दक्षिण अफ्रीका की कप्तान कायला रेनेके (Kayla Reyneke) ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। भारतीय टीम की कमान निकी प्रसाद ने संभाली। दक्षिण अफ्रीका की पारी 82 रन पर सिमट गई। जवाब में भारत ने 11.2 ओवर में एक विकेट पर 84 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
भारतीय महिला अंडर-19 क्रिकेट टीम ने लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब जीता है। इससे पहले 2023 में इस टूर्नामेंट के पहले ही संस्करण में भारतीय टीम ने जीत हासिल की थी। उस समय टीम इंडिया की कमान शेफाली वर्मा ने संभाली थी। इस साल टूर्नामेंट के दूसरे संस्करण में निकी प्रसाद की कप्तानी में भारतीय टीम लगातार दूसरी बार चैंपियन बनी है। गोंगाड़ी त्रिसा ने फाइनल में ऑलराउंड प्रदर्शन किया। उन्होंने 3 विकेट लेने के अलावा नाबाद 44 रन भी बनाए।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत खराब रही। थोड़े थोड़े अंतराल के बाद टीम के विकेट गिरते रहे। पूरी टीम 82 रन पर सिमट गई। टीम के केवल 4 खिलाड़ी ही दहाई का आंकड़ा पार कर सके। भारतीय गेंदबाजों की घातक गेंदबाजी की बदौलत दक्षिण अफ्रीका की टीम को 20 ओवर में 82 रन पर समेट दिया। लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने के लिए भारत को 83 रन का लक्ष्य मिला। जिसे भारत ने 1 विकेट खोकर प्राप्त कर लिया। गोंगाड़ी त्रिसा ने 44 और सानिका चलके ने 22 रन बनाए।