गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर केंद्र सरकार ने 7 लोगों को पद्म विभूषण देने की घोषणा, जानें किस किस को मिला यह अवॉर्ड।

गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर केंद्र सरकार ने 7 लोगों को पद्म विभूषण देने की घोषणा, जानें किस किस को मिला यह अवॉर्ड।

Padma Vibhushan 2025 Complete List: केंद्र सरकार ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर शनिवार को 2025 के लिए 139 पद्म पुरस्कारों का ऐलान किया। जिनमें से शारदा सिन्हा, ओसामु सुजुकी समेत 7 हस्तियों को पद्म विभूषण सम्मान दिया गया है। भारत रत्न के बाद यह देश का दूसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान है।

पद्म विभूषण 2025 से सम्मानित व्यक्तियों की सूची

  1. श्री दुव्वूर नागेश्वर रेड्डी – चिकित्सा, तेलंगाना
  2. न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) श्री जगदीश सिंह खेहर – लोक कार्य, चंडीगढ़
  3. श्रीमती कुमुदिनी रजनीकांत लाखिया – कला, गुजरात
  4. श्री लक्ष्मीनारायण सुब्रमण्यम – कला, कर्नाटक
  5. श्री एम. टी. वासुदेवन नायर (मरणोपरांत) – साहित्य और शिक्षा, केरल
  6. श्री ओसामु सुजुकी (मरणोपरांत) – व्यापार और उद्योग, जापान
  7. श्रीमती शारदा सिन्हा (मरणोपरांत) – कला, बिहार

किन हस्तियों को मिलता है पद्म सम्मान?

यह सम्मान कला, साहित्य, शिक्षा, खेल, मेडिसिन, सामाजिक कार्य, विज्ञान, तकनीक, सिविल सेवा, व्यापार और उद्योग के क्षेत्र में असाधारण काम करने वाली हस्तियों को दिए जाते हैं। इनमें डॉक्टर और साइंटिस्ट दो ऐसे लोग हैं, जिन्हें सरकारी सेवा में रहते हुए भी यह सम्मान दिया जा सकता है।

पद्म विभूषण पुरस्कार कैसे बनाया जाता है ?

पद्म विभूषण भारत रत्न के बाद भारत का दूसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। पद्म विभूषण पदक कांस्य का बना होता है। इसके दोनों तरफ के उभार प्लैटिनम के होते हैं। ये पुरस्कार कोलकाता टकसाल में बनाए जाते हैं, जिसकी स्थापना 1757 में की गई थी। यहां 1, 2, 5 और 10 रुपये के सिक्के भी तैयार किए जाते हैं। कोलकाता टकसाल ही भारत रत्न जैसे पुरस्कार को भी बनाती है।

पद्म विभूषण से सम्मानित लोगों को क्या क्या मिलता है?

पद्म विभूषण से सम्मानित लोगों को राष्ट्रपति एक प्रमाणपत्र और पदक देते हैं। पैसे की बात करें तो पद्म पुरस्कारों से सम्मानित लोगों को किसी भी तरह की धनराशि नहीं दी जाती है। यह सिर्फ एक सम्मान है। पद्मश्री, पद्म भूषण और पद्म विभूषण, तीनों ही पुरस्कारों में पैसे नहीं दिए जाते हैं। न ही किसी भी तरह की रेलवे या एयर फेयर में छूट या कोई और सुविधा मिलती है। हालांकि, कुछ राज्य सरकारों ने पद्म अवॉर्ड से सम्मानित लोगों को पेंशन देने की योजना बनाई है। छत्तीसगढ़ के सरकार पद्म पुरस्कार से सम्मानित व्यक्तियों को 10000 रुपए की मासिक पेंशन देती है। वहीं, तेलंगाना सरकार ने 25 लाख एक मुश्त देने की योजना बनाई है।