Padma Awards 2025 Announced: गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर केंद्र सरकार की ओर से 2025 के लिए पद्म पुरस्कारों की घोषणा की गई। इस वर्ष केंद्र सरकार द्वारा पद्म पुरस्कारों की सूची में 139 नाम शामिल किए गए हैं। इसमें शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में सेवा देने वाले कई लोगों के नाम शामिल हैं। इसमें शिक्षा, साहित्य और विज्ञान के क्षेत्र से जुड़े 37 लोगों के नाम शामिल हैं। इन पुरस्कारों की घोषणा हर साल गणतंत्र दिवस के अवसर पर की जाती है। ये पुरस्कार भारत के राष्ट्रपति द्वारा हर साल मार्च या अप्रैल में राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले औपचारिक समारोहों में प्रदान किए जाते हैं।
2025 के लिए कुल 139 पद्म अवॉर्ड की घोषणा हुई है। जिसमें 7 लोगों को पद्म विभूषण (Padma Vibhushan), 19 लोगों को पद्म भूषण (Padma Bhushan) और 113 लोगों को पद्म श्री (Padma Shri) पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। पद्म पुरस्कार पाने वालों में 23 महिलाएं हैं और सूची में विदेशी/एनआरआई/पीआईओ/ओसीआई श्रेणी के 10 व्यक्ति और 13 मरणोपरांत पुरस्कार विजेता भी शामिल हैं। शिक्षा, साहित्य, विज्ञान और इंजीनियरिंग के क्षेत्र में 37 पद्म पुरस्कार दिए गए हैं। इन 37 में 1 पद्म विभूषण, 4 पद्म भूषण और 32 पद्म श्री पुरस्कार शामिल हैं। केरल के श्री एम. टी. वासुदेवन नायर (मरणोपरांत) को साहित्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में असाधारण कार्य करने के लिए पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया है।
पद्म पुरस्कार (Padma Awards) देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कारों में से एक है। ये तीन श्रेणियों में प्रदान किए जाते हैं। पद्म विभूषण, पद्म भूषण, पद्म श्री। ये पुरस्कार विभिन्न विषयों/गतिविधियों के क्षेत्रों में दिए जाते हैं, जैसे- कला, सामाजिक कार्य, विज्ञान और इंजीनियरिंग, व्यापार और उद्योग, चिकित्सा, साहित्य और शिक्षा, खेल, सिविल सेवा, सार्वजनिक मामले, आदि। ‘पद्म विभूषण’ असाधारण और विशिष्ट सेवा के लिए दिया जाता है। ‘पद्म भूषण’ उच्च कोटि की विशिष्ट सेवा के लिए दिया जाता है। ‘पद्म श्री’ किसी भी क्षेत्र में विशिष्ट सेवा के लिए दिया जाता है।